शादी के अगले दिन दुल्हन ससुरालियों को चकमा देकर लाखों के जेवर समेटकर फरार हो गई। युवक पक्ष के लोग शादी कराने वाली महिला को पकड़कर ज्वालापुर कोतवाली पहुंचे और पूरी मामले की जानकारी दी।
मुजफ्फरनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की उम्र अधिक होने के कारण विवाह नहीं हो रहा था। कुछ दिनों पहले युवक के परिजन हरिद्वार में आए थे। जब वह चंडीघाट पर खड़े थे तो जहां उनकी मुलाकात ज्वालापुर के बकरा मार्केट निवासी एक महिला से हुई थी। महिला ने युवक के परिजनों को बताया कि एक तलाकशुदा महिला से वह उनके बेटे की शादी करा देंगे। युवक के परिजनों ने बताया कि 13 सितंबर को एक महिला से उनके बेटे की शादी करा दी गई। जिसके बाद महिला अपनी ससुराल पहुंची और अगले ही दिन महिला जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई। जिसके बाद युवक के परिजनों ने काफी तलाश किया। मगर जब दुल्हन नहीं मिली तो बुधवार को परिजन हरिद्वार पहुंचे और शादी कराने वाली महिला को पकड़ लिया और पुलिस के पास ले गए। जहां महिला ने दुल्हन तक पकड़वाने का आश्वासन दिया है। कोतवाल सीसी नैथानी ने बताया कि महिला से पूछताछ की जा रही है।