हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान जीआरपी ने भी स्मैक बरामद करते हुए देहरादून के दो युवक दबोचे हैं। बरामद स्मैक यूपी से लाई गई थी और कांवड़ यात्रा के दौरान इसकी सप्लाई की जानी थी।
एएसपी रेलवे मनोज कात्याल ने बताया कि पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार के निर्देश पर नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर एंटी ड्रग्स टास्क फोर्स के प्रभारी मनोज कुुमार ने कार्रवाई करते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर तीन पर छापा मारकर दो युवकों को स्मैक के साथ पकड़ लिया। थाने लाकर की गई पूछताछ में युवकों ने अपने नाम राशिद पुत्र माजिद अली निवासी मुस्लिम कालोनी लक्खीबाग देहरादून एवं दीपक पुत्र टीकाराम निवासी जीएमएस रोड शंकर विहार बसंत विहार देहरादून बताए। उनके कब्जे से दस दस ग्राम स्मैक बरामद की गई। एएसपी ने बताया कि स्मैक को कांवड़ियों को बेचा जाना था।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नशे के कारोबार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिस पर जानकारी जुटाई जा रही है।