मेरठ के ध्यानार्थ...
- बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र की घटना, घायलों की हालत खतरे से बाहर
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक कांवड़ यात्री को हायर सेंटर मेरठ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात सरधना, मेरठ निवासी कांवड़ यात्री अमित शर्मा (29) और मोंटी बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। पतंजलि योगपीठ के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर रावली महदूद निवासी रितेश सवार था। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। गंभीर हालत में अमित शर्मा को हायर सेंटर मेरठ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरे हादसे में बहादरपुर निवासी तीन युवक बाइक से जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, तीनों नशे की हालत में थे। उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे तीनों घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ संजय चौहान ने बताया कि शनिवार देर रात हुए दोनों सड़क हादसों में कुल छह लोग घायल हुए थे। इनमें अमित शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है। अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।