पलवल, हरियाणा के ध्यानार्थ...
फोटो समाचार
- बहादराबाद क्षेत्र में पतंजलि के सामने फ्लाईओवर पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादराबाद। पतंजलि योगपीठ फ्लाईओवर के पास रविवार को चलती मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बाइक में आग लगते ही सवार कांवड़ियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस के अनुसार, जसमिंदर निवासी पलवल, हरियाणा अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। जैसे ही वह पतंजलि योगपीठ फ्लाईओवर के पास पहुंचे, अचानक उनकी बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मोटरसाइकिल धू-धूकर जलने लगी।
बाइक में आग की लपटें उठती देख सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आग पर काबू पा लिया। सीओ संजय चौहान ने बताया कि मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई थी। सवार दोनों कांवड़ियों ने समय रहते बाइक से उतरकर अपनी जान बचा ली।