हरिद्वार। घाड़ क्षेत्र के गांव डालूवाला मजबता की बेटी सिमरन कौर ने जनपद का नाम रोशन किया है। उसेे भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2025-26 में संपूर्ण उत्तराखंड में दूसरा पुरस्कार मिला है। सिमरन कौर गुरु नानक आदर्श इंटर कॉलेज डालूवाला मजबता ब्लॉक बहादराबाद में दसवीं की छात्रा हैं। शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा नवंबर में कराई गई थी। काॅलेज के प्रधानाचार्य जयप्रकाश नायक ने बताया कि सेंटर बच्चों का स्कूल ही बनाया जाता है।
परीक्षा प्रभारी मनोज कुमार कश्यप के निर्देशन में परीक्षा कराई गई थी। विद्यालय के प्रबंधक भीम सिंह राठौड़ ने विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने पर कक्षा 10 की छात्रा सिमरन कौर और उसके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं। कहा कि मेधावी छात्रा को स्कूल में भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष सरदार चतर सिंह ने छात्र-छात्राओं को सिमरन कौर छात्र-छात्राओं से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है। सिमरन कौर के पिता सरदार बिट्टू सिंह गुरुद्वारे में ज्ञानी हैं, जो गुरुद्वार में धार्मिक कार्य करते हैं। रविवार को स्वर्गपुरी आश्रम देहरादून में सिमरन कौर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।