आश्रम में घुसकर रेकी और हमला करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए शांभवी पीठाधीश्वर व शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत के मुताबिक शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष, धर्मसंसद के संयोजक व काली सेना के संस्थापक स्वामी आनंद स्वरूप ने बताया कि वह शांभवी धाम भूपतवाला के निवासी हैं और पिछले कई वर्षों से धर्मांतरण के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह पिछले दिनों हरिद्वार और प्रयागराज में हुई धर्म संसद के संयोजक भी रह चुके हैं। आनंद स्वरूप का आरोप है कि तब से ही उन्हें जान से मारने की साजिश हो रही है।
स्वामी आनंद स्वरूप का कहना है कि नौ मार्च की रात 10 बजे के करीब उनके आश्रम में दो अज्ञात लोग घुस आए। इस दौरान एक व्यक्ति जहां वह रहते हैं उस कमरे की तरफ बढ़ने लगा जबकि दूसरे व्यक्ति बाहर कुर्सी पर बैठ गया। उनका कहना है कि जब उनके सहयोगी ने दोनों लोगों से पूछा तो वह भाग गए। उनका कहना है कि यह क्रम पिछले कई दिनों से लगातार जारी है। स्वामी आनंद स्वरूप ने पुलिस को इसका वीडियो भी उपलब्ध कराया है। नगर कोतवाल राकेंद्र कठैत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्वामी आनंद स्वरूप ने अपनी व अपने आश्रम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी पुलिस प्रशासन से की है।