हरिद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आज (शनिवार) को हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में होने वाली रैली के लिए हरिद्वार नगरी पूरी तरह सज चुकी है। लंबे समय बाद किसी राजनीतिक दल ने किसी नेता की रैली को लेकर इतने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। पूरा शहर और शहर की तरफ आने वाले सारे रास्ते भजपा के झंडों, बैनर और होर्डिंग आदि से पाट दिया गया है। आयोजकों से करीब डेढ़ लाख लोगों के रैली में आने का दावा किया है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने बताया कि अमित शाह पहले शुक्रवार को ही उत्तराखंड में आने वाले थे, लेकिन उनका कार्यक्रम परिवर्तित हो गया है। अब शनिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली से सीधे जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर आएंगे वहां से केदारनाथ और बदरीनाथ के दर्शन करने के बाद दोपहर बाद करीब तीन बजे रैली स्थल पर आएंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, केंद्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक मदन कौशिक, मेयर मनोज गर्ग, जिलाध्यक्ष सुरेश राठौर, रैली संयोजक ज्योति प्रसाद गैरोला आदि ने तैयारी की समीक्षा बैठकें की। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ और एसएसपी राजीव स्वरूप ने रैली स्थल का निरीक्षण किया।