सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से निकालने के बाद जमानत राशि भी हड़प कर ली गई। आरोप है कि शिकायत करने पर गार्ड के पिता पर हमला कर घायल कर दिया गया। कोर्ट के आदेश पर रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा के मुताबिक प्रमोद गुप्ता निवासी जे-365 शिवालिक नगर कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका बेटा नीरज गुप्ता साल 2018 से रक्षक सिक्योरिटी सर्विस ब्रांच ऑफिस रुड़की में कार्यरत चला आ रहा था। उसकी तैनाती विकास भवन रोशनाबाद स्थित स्टेट बैंक शाखा में थी। आरोप लगाया कि सुपरवाइजर भुवनचंद भट्ट निवासी ग्राम न्यू मिस्सरपुर कनखल ने नौकरी लगने के दौरान 33 हजार रुपये लिए। आश्वासन दिया गया था कि दो साल बाद रकम वापस कर दी जाएगी। लेकिन 12 फरवरी 2021 को उनके बेटे को कंपनी से निकाल दिया गया और रकम भी नहीं लौटाई गई। पैसे मांगने पर आठ मई 2021 को उसके साथ मारपीट कर धमकी दी गई। इस बारे नीरज के पिता प्रमोद गुप्ता ने शिकायत की। आरोप है कि 17 सितंबर की रात भुवन चंद्र भट्ट व अरुण सिंह निवासी निर्मल बस्ती शिवालिकनगर व दो अज्ञात व्यक्तियों ने नीरज के पिता प्रमोद गुप्ता को रोक लिया और शिकायत वापस न लेने पर धमकी देते हुए गाली गलौच की। लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया। जिससे हाथ में दो फैक्चर आया और आपरेशन कराना पड़ा। पुलिस में सुनवाई न होने पर कोर्ट से गुहार लगानी पड़ी। कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।