।सील में काली पट्टी बांध कर कार्यबहिष्कार करते रजिस्ट्रार कानूगो ।
- फोटो : HARIDWAR
नौ सूत्री मांगों के लिए रजिस्ट्रार कानूनगो ने काली पट्टी बांधकर दोपहर तक कार्यबहिष्कार कर धरना दिया। कहा कि यदि शीघ्र ही मांगों को पूरा नहीं किया गया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
बुधवार को उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ के प्रांतीय आह्वान पर हरिद्वार और लक्सर तहसील क्षेत्र के रजिस्ट्रार कानूनगो ने अपनी मांगों के लिए दोपहर एक बजे तक कार्यबहिष्कार कर रहकर तहसील मुख्यालय में धरना दिया। संघ के जिलाध्यक्ष अंबरीष शर्मा ने कहा कि कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक रजिस्ट्रार कानूनगो भी दिनरात अपने परिवार के लोगों की परवाह किए बगैर कार्य करते रहे। बावजूद उन्हें न तो कोरोना योद्धा घोषित किया गया और न ही प्रोत्साहन राशि दी गई।
रजिस्ट्रार कानूनगो अवकाश के दिनों में भी काम करते हैं, इसलिए उन्हें एक माह का वेतन अतिरिक्त दिया जाए। रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों का पुनर्गठन व रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग में कंप्यूटर प्रशिक्षित स्टाफ और अनुसेवक नियुक्त हों, ताकि सरकारी कार्य में आ रही परेशानियों को दूर किया जा सके। नायब तहसीलदार एवं सहायक भूलेख अधिकारी के पदों पर पदोन्नति के लिए कोटा निर्धारित किया जाए।
कहा कि मांगों को पूरा नहीं करने पर 24 अक्तूबर तक इसी तरह कार्यबहिष्कार किया जाएगा। 25 को एक दिन पूर्ण बहिष्कार रहेगा। इसके बाद भी मांग नहीं मानी गई तो फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। दोपहर तक कार्यबहिष्कार पर रहने से लोगों के भू-लेख संबंधी कार्य व खतौनी की नकल जारी नहीं हो सकी। इस मौके पर बिजेंद्र कश्यप, सुरेंद्र सिंह तोमर, आलोक आदि मौजूद रहे।