महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के स्वागत के लिए धर्मनगरी पूरी तरह से तैयार है। हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सभी जगह व्यवस्थाएं चाक चौबंद कर दी गई हैं। सड़कों के गड्ढे भरने के साथ साफ सफाई की गई। ऐसे सभी रूटों से अतिक्रमण हटा दिया गया है, जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरेगा।
महामहिम राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी बृहस्पतिवार को हरिद्वार आकर हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में भाग लेंगे। देश के प्रथम नागरिक के स्वागत के लिए धर्मनगरी को प्रशासन और अन्य संस्थाओं ने सजाया दिया है। टूटी सड़कें चकाचक कर दी गई हैं। प्रशासन पूरी मुस्तैदी से महामहिम की यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जुटा हुआ है। गंदगी और अतिक्रमण के कारण अक्सर हरकी पैड़ी क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठते रहते हैं, लेकिन इस समय यह क्षेत्र वास्तव में अपनी गरिमा के अनुरूप दिख रहा है। हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों, सुभाष घाट, गऊ घाट, रेाड़ी बेलवाला, भीमगोडा, खड़खड़ी मार्ग आदि से अतिक्रमण हटाकर सफाई अभियान चलाया गया। हरकी पैड़ी पर महामहिम के स्वागत के लिए शामियाना सजाकर स्वागत द्वार बनाया गया है। विशेष तख्त लगाकर उसे भी चारों और से लाइटिंग और शामियाने से सजाया गया है। सभी मंदिरों और गंगा सभा के कार्यालय पर विशेष लाइटिंग की गई है जिससे पूरा हरकी पैड़ी क्षेत्र जगमगाता दिख रहा है। अनाधिकृत रूप से लगी दुकानें हटवाने के बाद गंगा घाट पूरी तरह खाली दिख रहे हैं। लंबे समय बाद हरकी पैड़ी का ऐसा साफ सुथरा नजारा देखने को मिला।
------------------
भेल स्टेडियम में उतरेंगे
महामहिम का काफिला तीन हेलीकाप्टर से भेल के स्टेडियम में उतरेगा। यहां से कार से वे डामकोठी पर पहुंचेंगे। कुछ देर डामकोठी पर रुकने के बाद उन्हें हरकी पैड़ी लाया जाएगा जहां वे शाम करीब सवा छह बजे होने वाली आरती में भाग लेकर मां गंगा की पूजा अर्चना करेंगे।
----------------------------
आखिर हटा दी पार्किंग
हरकी पैड़ी पुलिस चौकी के पास अनाधिकृत रूप से बनवाई गई दोपहिया वाहनों की पार्किंग को भी आखिर हटवा दिया गया। इस पार्किंग में हर रोज सैकड़ों वाहन खड़े रहते हैं। बुधवार को भी लोगों ने यहां अपने वाहन खड़े किए जिन्हें पुलिस ने हटवाया। दो दर्जन से ज्यादा बाइक का चालान भी किया।