रोशनाबाद। बहादराबाद ब्लाक के औंरगाबाद गांव में उपप्रधान के चुनाव में दो ग्राम पंचायत सदस्य का पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोग उठाकर ले गए और गांव के बाहर सुनसान जगह पर छोड़ दिया। दोनों ग्राम पंचायत सदस्य अपना मत देेने से वंचित रह गए।
औंरगाबाद गांव में उप प्रधान के चुनाव चल रहे थे। दोपहर दो बजे ग्राम पंचायत सदस्य बबीता अपना मत डालने की मतदान स्थल पर पहुंची। तो गांव के ही दर्जनों महिला व पुरुषों ने उसे उठा लिया और पास में खड़ी गाड़ी में डालकर उसे वहां से लेकर चले गए। वहां मौजूद पुलिस कर्मी मूक दर्शक बनकर देखते रहे । इसी बीच एक ओर ग्राम पंचायत रोबीन पुत्र वीर सिंह जब अपना मत डालने पहुंचे तो उन्हें भी फिल्मी स्टाइल में महिलाओं और पुरुषों ने दबोच कर गाड़ी में डालकर फरार हो गए। पुलिस को मूक दर्शक बना देख लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। दोनों पक्ष आमने सामने आकर तू तू मैं मै पर उतर आए, हालात बिगड़तें देख वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भारी पुलिस बल को मौके पर बुला लिया। तब जाकर कही मामला शांत हुआ। लेकिन दोनो ही ग्राम पंचायत सदस्य अपने मत डालने से वंचित रह गए। वहीं बबीता के पति सत्यपाल सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष राजीव रौथाण ने बताया कि ग्रामीण अपहरण की बात कह रहे थे लेकिन इस तरह का कोई मामला नही था। इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली।
----------------------
निर्विरोध चुने जाने पर उप प्रधान का स्वागत
पथरी। गांव बिशनपुर में सुखदेवपाल को निर्विरोध उप प्रधान चुना गया। जिससे इस पंचायत में पति-पत्नी दोनों उप प्रधान व ग्राम प्रधान हो गए। जिला हरिद्वार में यह पहला एक ऐसा मामला है। इस पंचायत चुनाव में बिशनपुर से सुखदेवपाल की पत्नी सविता देवी ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई। सविता देवी सन् 2006 में उप प्रधान व सन् 2011 में ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई। बृहस्पतिवार को उप प्रधान पद पर सुखदेवपाल के सामने किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। जिस पर सुखदेवपाल के निर्विरोध उप प्रधान चुने जाने पर ग्रामीणों ने खुशी जतायी।
दूसरी ओर आदर्श टिहरी नगर से सम्पत्ति देवी, टिहरी डोब नगर से गब्बर सिंह, रानीमाजरा से सुरेश कुमार, कटारपुर से अलका देवी उप प्रधान पद पर निर्विरोध चुनी गयी। इनके सामने उप प्रधान पद पर किसी ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया। इन सभी स्थानों पर उप प्रधान निर्विरोध चुने जाने पर ग्रामीणों ने खुशी जतायी।
---------------------------------