जिंदगी के कष्ट दूर होने का झांसा देकर रेलवे के अवर अभियंता की पत्नी से जेवरात ठग लिए गए। बड़े ही आराम से दो शातिर ठग फरार होने में कामयाब रहे। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। यह घटना ज्वालापुर के मुख्य कटहरा बाजार में गुरुद्वारा रोड पर दोपहर करीब बारह बजे हुई।
क्षेत्र के गली नंबर पांच अंबेडकर नगर में रेलवे में तैनात अवर अभियंता विक्रम सिंह की पत्नी ललिता बाजार से सामान खरीदने के लिए निकली थी। गुरुद्वारा रोड पर पहुंचते ही उन्हें रास्ते में दो युवक मिले। एक युवक ने खुद का परिचय ज्योतिषी के तौर पर देते हुए दूसरे युवक को उसके भविष्य के बारे में सटीक जानकारी दी। यह देखकर महिला भी उन पर विश्वास कर बैठी। फिर ज्योतिषी बने ठग ने महिला से भी उसके जीवन में बड़े कष्ट होने की बात कही। बोला कि, जल्द कष्ट दूर भी हो जाएंगे, वो एक मंत्र पढे़गा। उसने महिला से उसकी कंगन, कान की बाली, अंगूठी एवं पर्स एक कपड़े में रखकर दूसरे युवक को देने को कहा। फिर कहा कि 21 कदम चलकर वापस आना है तब तक पीछे नहीं देखना है। महिला ने वैसे ही किया लेकिन जब पीछे मुड़कर देखा तब युवक गायब थे। महिला को माजरा समझ आते देर न लगी। महिला के शोर मचा देने पर राहगीर एवं दुकानदार एकत्र हो गए। महिला की सूचना पर पति, बेटे पहुंच गए। फिर कोतवाली पहुंची महिला ने पुलिस को आपबीती बताई। बताया कि युवकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच रही होगी। एसआई पूरण सिंह तोमर ने बताया कि दोनों युवक आपस में मिले हुए थे, उन्होंने महिला को अपने विश्वास में लेकर जेवरात ठगे हैं। मामले की जांच कर रहे हैं।