कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सात फरवरी को होने वाली रैली का कार्यक्रम अब बदल दिया गया है। अब रैली नहीं रोड शो होगा। राहुल भगवानपुर से रोड शो शुरू करेंगे जो कई क्षेत्रों से होते हुए हरिद्वार पहुंचेगा।
राहुल गांधी की रैली हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में प्रस्तावित थी। रैली के लिए मैदान की अनुमति से लेकर अन्य तैयारियां शुरू हो गई थी। मैदान सहित अन्य सुरक्षा समेत तैयारियों का जायजा लेने के लिए विशेष फोर्स पहुंची चुकी थी। अब राहुल गांधी के कार्यक्रम में अचानक से फेरबदल हो गया है। रैली के बजाय अब राहुल गांधी रोड शो करेंगे। रोड शो भगवानपुर, रुड़की, लंढौरा और लक्सर से होते हुए हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचेगा। यहां से हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र में होगा। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज ने बताया कि रोड शो का मैप अभी अन्य क्षेत्रों के लिए भी तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन कुमारी शैलजा हरिद्वार में तैयारियों संबंधित बैठक लेंगी।