पथरी। यूरिया खाद की मांग के लिए किसानों ने प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम व जिला सहायक निबंधक को पत्र भेजकर जल्द ही क्षेत्र की सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
नवभारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तराखंड प्रभारी सुखदेव पाल समेत कई पदाधिकारियों ने चेताया है कि अगर जल्द ही क्षेत्र की सहकारी समितियों में यूरिया खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो वह संबंधित अधिकारियों का घेराव कर धरना प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। क्षेत्र की पथरी, धनपुरा व बादशाहपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समितियों में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से यूरिया खाद नहीं है। इससे किसान खाद के लिए काफी परेशान हैं।
प्रदर्शन करने वालों में जिला प्रभारी अमन कश्यप, जिलाध्यक्ष मंगेश कुमार, प्रदेश अध्यक्ष कमला देवी, युवा जिलाध्यक्ष टिंकू राणा, युवा प्रदेश महासचिव रविंदर पाल, तहसील अध्यक्ष जितेंद्र कुमार, तहसील उपाध्यक्ष संजय कुमार आदि मौजूद रहे।