- कांग्रेस ने मनाया लोकतंत्र का काला दिवस, सीईसी को गिरफ्तार करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी ने देवपुरा चौक पर लोकतंत्र का काला दिवस मनाते हुए केंद्र की भाजपा सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को गिरफ्तार किया जाए।
जिला महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि चुनावों में कथित गड़बड़ियों, एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितता आदि मुद्दे उठाने पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी नेताओं के साथ बर्बरता और मुकदमों की कड़ी निंदा की जाती है। कहा कि जनता के मताधिकार, निर्वाचन व्यवस्था की निष्पक्षता और सांविधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता से जुड़े सवालों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
पूर्व विधायक रामयश सिंह और पूर्व अध्यक्ष ओपी चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता की वैधता जनता के स्वतंत्र और निष्पक्ष जनादेश से आती है। यदि चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर आरोप उठ रहे हैं तो सरकार और निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वे तथ्यों, दस्तावेज और पारदर्शी जांच के माध्यम से जवाब दे। देश को चुनाव प्रक्रिया पर स्पष्ट जवाब चाहिए। इस मौके पर वरुण बालियान, महेश प्रताप राणा, संतोष चौहान, अंजू मिश्रा, राजीव भार्गव, अजय गिरी, हिमांशु राजपूत आदि मौजूद रहे।