हरिद्वार। खराब मौसम के चलते स्कूलों से छात्र ही नहीं, शिक्षक भी बंक मार रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक के निरीक्षण में बुधवार को ऐसा ही एक मामला कासमपुर इंटर कालेज में सामने आया। यहां प्रिंसिपल के तीन दिन से स्कूल नहीं पहुंचने की बात सामने आई। डीईओ ने प्रिंसिपल का वेतन काटने के निर्देश देते हुए निलंबन की सस्तुति भी कर दी।
जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डा. पुष्पा रानी वर्मा को कई स्कूलों से छात्र संख्या कम होने और शिक्षकों के गैरहाजिर होने की शिकायत मिल रही थी। बुधवार सुबह डीईओ कासमपुर इंटर कालेज पहुंची। वहां प्रिंसिपल जयगोपाल नदारद पाए गए। जानकारी लेने पर पता चला कि प्रधानाचार्य लगातार तीसरे दिन गायब हैं। डीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा ने शिक्षक का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए। साथ ही निलंबन की संस्तुति करते हुए शासन को रिपोर्ट भेज दी। डीईओ ने बताया कि स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए भी हर संभव प्रयास किए जा रह हैं, स्कूलों का निरीक्षण जारी रहेगा।
बारिश होने पर छात्रों की छुट्टी
हरिद्वार। डीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा ने कासमपुर के साथ ही सहदेवपुर जूनियर स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान एक स्कूल में छात्र मिले ही नहीं। शिक्षकों से जानकारी लेने पर बताया गया कि स्कूल के दोनों कक्ष पूरी तरह जर्जर हैं। बच्चों को मैदान में बैठाकर पढ़ाया जाता है। बारिश के कारण घास गीली होने पर छात्रों को घर भेज दिया गया।