- ऊर्जा निगम की टीम ने जमालपुर कलां क्षेत्र में चलाया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ऊर्जा निगम ज्वालापुर डिवीजन की टीम ने मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 13 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी। संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अधिशासी अभियंता रवि कुमार के मुताबिक, जगजीतपुर उपखंड अधिकारी अमित तोमर के नेतृत्व में टीम ने गांव में घरों और प्रतिष्ठानों की विद्युत आपूर्ति की जांच की। टीम ने विद्युत लाइनों और कनेक्शनों की जांच करते हुए अनियमितताएं पकड़ीं। इसके अलावा लंबे समय से बिजली का बिल जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 23 बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। वहीं, टीम ने मौके पर ही करीब 2.62 लाख रुपये की राजस्व वसूली की। एक्सईएन रवि कुमार ने बताया कि बिजली चोरी और बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की।