उत्तरी हरिद्वार में अस्पताल के शिलान्यास के विरोध में बैठक करते हुए ।
- फोटो : HARIDWAR
भूपतवाला क्षेत्र में शनिवार को आचार संहिता लागू होने से पहले आनन फानन में अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलान्यास पर सियासत होने लगी है। क्षेत्र के कई लोगों ने शिलान्यास समारोह की जानकारी तक नहीं देने का आरोप लगाया है। दावा किया कि अस्पताल के निर्माण में उन लोगों ने संघर्ष किया। उनके संघर्ष की बदौलत ही उत्तरी हरिद्वार को अस्पताल मिला और शिलान्यास में उनको बुलाया तक नहीं।
रविवार को क्षेत्र के लोगों की बैठक हुई। इसमें नितिन यादव यदुवंशी ने कहा कि अस्पताल के लिए क्षेत्र की जनता के साथ काफी संघर्ष किया। वर्षों के संघर्ष के बाद अस्पताल स्वीकृत हुआ। आनन फानन में अस्पताल का शिलान्यास हो गया और किसी को जानकारी तक नहीं दी गई। इससे लोगों में आक्रोश है। नितिन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का नारा देती है, लेकिन सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। मनोज निषाद ने कहा कि अस्पताल निर्माण के लिए नगर निगम से जमीन उपलब्ध करवाने से लेकर हर मोर्चे पर संघर्ष किया। राज्यपाल के समक्ष क्षेत्र के लोगों की समस्या रखी। लेकिन शिलान्यास से संघर्ष करने वालों को दूर रखा गया। बैठक में मोनू, सोमदत्त, संदीप सैनी, लव पांडे, पवन राजपूत, टिंकू और गोविंद मौजूद रहे।