हरिद्वार। पुलिस से धक्कामुक्की कर अवैध खनन सामग्री से लदी ट्रैक्टर ट्राली छुड़ा ले जाने वाले कांग्रेसी नेता गुरजीत सिंह लहरी की क्षेत्र में छवि दबंग नेता की है। जिला पंचायत चुनाव के दौरान भी कांग्रेसी उन पर मारपीट करने का आरोप लगाते रहे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इधर, श्यामपुर पुलिस अब तक गुरजीत सिंह लहरी को नहीं ढूंढ पाई है।
गुरजीत सिंह लहरी की पत्नी लालढांग जिला पंचायत सीट से कांग्रेस के सिंबल पर जीती है। खुद को निवर्तमान सीएम हरीश रावत का करीबी बताने वाले कांग्रेसी नेता गुरजीत सिंह लहरी की छवि झगड़ालू प्रवृति की है। कई वर्ष पूर्व भी उसने भूमि संबंधी विवाद के चलते एक ढाबा एक ढहा दिया था तब पुलिस ने लूट के मुकदमे में उसे जेल भेजा था। फिर कांग्रेस का दामन थाम लेने वाले गुरजीत सिंह लहरी ने कांग्रेस में पकड़ बनाई और पत्नी को चुनाव जितवाया। क्षेत्र के कई नेताओं से उसका छत्तीस का आंकड़ा जगजाहिर है। पुलिस के एक बड़े साहब का उसके घर पर आए दिन चाय की चुस्कियां लेते रहे हैं। क्योंकि, निर्वतमान सीएम के इर्द गिर्द घूमने वाले कांग्रेसी नेता के आगे साहब भी नतमस्तक थे। थाने में भी कांग्रेसी नेता अक्सर किसी न किसी मसले को लेकर अपना रौब झाड़ता था, ये गूंज भी आला अफसरान के कान तक अब हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन अब तक भी उसकी गिरफ्तारी के ठोस प्रयास नहीं किए गए है। थानाध्यक्ष महेश्वर पुर्वाल ने बताया कि कांग्रेसी नेता की तलाश कर रहे हैं।
---------
अवैध खनन में जुटे खद्दरधारी
- नदियों का सीना छलनी कर रहे वारे न्यारे
हरिद्वार। लालढांग जिला पंचायत सदस्य का पति गुरजीत सिंह लहरी प्रकरण से एक बार फिर से यह बात उछली है कि अवैध खनन के मलाईदार कारोबार में खद्दर धारी मलाई चाट रहे है। सोना उगल रही नदियों का सीना छलनी कर ये अपने वारे न्यारे करने में जुटे है।
अवैध खनन के कारोबार की कमान सिस्टम, नेता और माफिया की तिगड़ी के हाथ में होने की बात पूर्व में कई बार उठी है। ये तो सच है कि अवैध खनन के कारोबार का खेल खद्दरधारी खुलकर खेल रहे हैं। सिस्टम की नब्ज पर पकड़ रखने वाले ये खददरधारी बिलकुल भी खौफ नहीं खाते है। ये बात कांग्रेसी नेता गुरजीत लहरी ने साबित कर दिखाई है। कांग्रेस ही नहीं अन्य राजनैतिक दलों के नेता भी अवैध खनन के धंधे में उतरे हुए है। ये बात पूर्व में भी कई बार सामने आ चुकी है। लेकिन रोजाना होने वाली भारी भरकम कमाई के चलते सेटिंग गेटिंग में माहिर ये नेता बाज नहीं आते है। श्यामपुर, पथरी, लक्सर, बुग्गावाला, रानीपुर क्षेत्र में नदियों एवं बरसाती नदियों में रोजाना बड़े पैमाने पर खनन हो रहा है पर सिस्टम आंखें मूंदे बैठा है।