पतंजलि के उत्पादों का करें प्रयोग
- फोटो : अमर उजाला
हरिद्वार। पतंजलि योगपीठ में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं का शिविर शुरू हो गया। शिविर में पतंजलि योगपीठ, भारत स्वाभिमान, पतंजलि योग समिति, पतंजलि महिला योग समिति और किसान समिति से जुड़े लगभग 10 हजार कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। कार्यकर्ताओं को पतंजलि के स्वदेशी अभियान के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि पतंजलि के उत्पादों का उपयोग करना अप्रत्यक्ष रुप से राष्ट्र की सेवा होगी।
शुक्रवार को बाबा रामदेव ने योगाभ्यास के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर योग आयुर्वेद, स्वदेशी, स्वास्थ्य, शिक्षा, अनुसंधान, गोसेवा एवं राष्ट्रसेवा के माध्यम से पतंजलि द्वारा देश में पैट्रोटिज्म एवं प्राउड आफ इंडिया का नया संकल्प खड़ा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की कंपनी, देश के ब्रांड, देश के गौरव पतंजलि का उदय राष्ट्र की विजय है। उन्होंने कहा देश की जनता यदि पतंजलि के उत्पादों का उपयोग करती है तो अप्रत्यक्ष रूप से यह राष्ट्र की ही सेवा है। क्योंकि पतंजलि का पूरा लाभांश राष्ट्रसेवा व चैरिटी के लिए प्रयुक्त हो रहा है। स्वामी रामदेव ने कहा कि देश में माहौल बन रहा है कि देश की जनता अपने घर, किचन, बाथरूम मेें प्रयुक्त होने वाले विदेशी कंपनियों के सामानों को बदले। इससे धीरे-धीरे पूरा हिंदुस्तान बदल जाएगा और देशभर में आर्थिक स्वाधीनता का व्यापक साम्राज्य खड़ा होने लगेगा।