- दो किमी के कच्चे मार्ग से यात्रियों की राह हुई आसान
- सुविधा के लिए लगाई गई है स्ट्रीट लाइटें
संवाद न्यूज एजेंसी
श्यामपुर। कांवड़ियों को हाईवे के ट्रैफिक से दूर रखने और पैदल चलने में सुविधा प्रदान करने के लिए 2 किलोमीटर लंबा एक अलग कच्चा पैदल मार्ग तैयार किया गया है। इससे कांवड़ यात्री बिना किसी दुर्घटना के खतरे के आसानी से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
हाईवे पर एक्सीडेंट की घटनाओं से भी बचा जा सके, क्योंकि, कांगड़ी फ्लाईओवर पर कई लोग एक्सीडेंट में अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में पैदल चल रहे कांवड़ यात्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनको कच्चे पैदल मार्ग से भेजा जा रहा है। इसके साथ ही रात के अंधेरे में शिव भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए इस कच्चे मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई और चंडी चौकी बड़ी स्ट्रीट लगाई गई है।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। कांवड़ियों के सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन के लिए हरिद्वार नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। एनएचआईए के क्षेत्र अधिकारी प्रमोद कुमार मलिक ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 2 किलोमीटर का कच्चा पैदल मार्ग विशेष रूप से बनाया गया है। पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई है। वर्तमान में कांगड़ी फ्लाईओवर दूसरा भाग का निर्माण कार्य चल रहा है, जो जल्दी पूरा होगा।