- पार्षद के भेजे मजदूरों के साथ गड्ढे की मरम्मत कराने पहुंचे थे, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रास्ते पर बने गड्ढे की मरम्मत को लेकर पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, अहिल्याबाई कॉलोनी निवासी अशोक कुमार कंसल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के पास आने-जाने वाले रास्ते पर चैंबर टूटने से गड्ढा हो गया था। इससे मोहल्ले के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद को इसकी जानकारी देकर गड्ढे की मरम्मत कराने का अनुरोध किया था।
चार अगस्त की सुबह करीब 10:15 बजे पार्षद की ओर से संजय कुमार और मजदूरों को गड्ढे की मरम्मत के लिए भेजा गया। वह अपने बेटे स्पर्श और मोहल्ले के अन्य लोगों के साथ मौके पर मौजूद थे।
आरोप है कि तभी मोहल्ले के रहने वाले हरिओम और उनकी पत्नी वहां पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। उन्होंने गड्ढा भरने का विरोध करते हुए चैंबर के ऊपर बैठ गए। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम का बेटा राजा भी मौके पर पहुंच गया। उसने गाली गलौज करते हुए उनके और बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। फिर हरिओम और उनकी पत्नी भी जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्हें झूठे एससी-एसटी के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दी। सीओ संजय चौहान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।