चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में नकारात्मक प्रचार भी शुरू हो गया है। ज्वालापुर में घनी आबादी वाले सुभाषनगर में आधी रात उपद्रवियों की टोलियां घूम रही हैं। घरों पर लगे पार्टियों के झंडे-बैनर फाड़कर उन्हें आग लगा दी जाती है। आपत्तिजनक नारेबाजी भी की जा रही है। माहौल खराब करने की आशंका पर कांग्रेस प्रत्याशी अंबरीष कुमार ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है।
चुनाव प्रचार में सभी प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी हुई है। झंडे बैनर और जनसंपर्क के अलावा गुप्त बैठकों का दौर भी जारी है। प्रचार के मामले में कोई भी प्रत्याशी एक दूसरे से पीछे नहीं रहना चाहता है। इसके लिए चाहे कोई भी हथकंडा अपनाना पड़े। ज्वालापुर की सुभाषनगर कालोनी रानीपुर विधानसभा का हिस्सा है। स्थानीय लोगों की मानें तो रोजाना आधी रात के समय कई बाइक पर कुछ युवक हुड़दंग मचाते हुए आते हैं और घरों से झंडे बैनर उतारकर फाड़ देते हैं। कई बार झंडे बैनरों को आग भी लगाते हैं।
पहचान छिपाने के लिए अपनी वेशभूषा और प्रचार सामग्री से भ्रमित करने का प्रयास भी करते हैं।