सीएचसी बहादराबाद के स्टोर रूम में आग लगने के बाद खाक हुआ सामान ।
- फोटो : HARIDWAR
हरिद्वार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बहादराबाद के स्टोर में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग से सैनिटाइजर, दवाइयां और ऑक्सीजन मशीन जल गई। सूचना मिलने पर पहुंची अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के मद्देनजर सामान को स्टोर किया जा रहा था। हालांकि, इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद के स्टोर रूम में बृहस्पतिवार की रात सात बजे आग लग गई। सूचना मिलने पर सिडकुल अग्निशमन केंद्र से गाड़ी भेजी गई। जिसके बाद टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके साथ ही मायापुर अग्निशमन केंद्र से भी एक गाड़ी भेजी गई। मायापुर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी शिशुपाल नेगी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान स्टोर रूम में रखा सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया। दो घंटे तक सीएचसी में धुआं फैला रहा।
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुबोध जोशी ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय अस्पताल में कोई भी मरीज भर्ती नहीं था। स्टोर रूम में आग लगने से ऑक्सीजन मशीनें, सैनिटाइजर, दवाइयां, पीपीई किट आदि सामान को नुकसान पहुंचा है। इस सामान को स्टोर कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार आग लगने से करीब एक घंटे पहले कुछ जलने की गंध आने लगी थी। जिसके बाद पूरी सीएससी भवन की जांच की गई। इसके बाद स्टोर रूम में आग लगने का पता चला।
--------------
20 लाख से अधिक का हुआ नुकसान
सीएचसी प्रभारी डॉ. सुबोध जोशी ने बताया कि 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जिसमें 700 के करीब पीपीई किट, एक बाइपेप मशीन और 18 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जलकर राख हो गए। इसके साथ ही सैनिटाइजर के 477 की बड़ी और छोटी बोतल भी हैं। इसके साथ ही पूरी भवन को भी आग लगने से नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि हमने अपने स्तर पर सूची तैयार कर ली है। इस सूची को भेजा सीएमओ कार्यालय में मिलान के लिए भेजा जा रहा है। जिससे पता लगेगा कि पूरा नुकसान कितना हुआ है।