मेडिकल स्टोर का पीछे का दरवाजा काटकर चोरों ने ब्रांडेड कंपनी के कॉस्मेटिक सामान चोरी कर लिया। कलर, बॉडी लोशन, डीवीआर और हार्ड डिस्क भी उड़ा ली। मेडिकल स्टोर संचालक की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मेडिकल स्टोर संचालक मनोज कुमार ने बताया कि एक साल के भीतर दुकान में तीसरी बार चोरी हुई है।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर दो बैरियर जाने वाले रास्ते पर मनोज कुमार का श्री साईं मेडिकोज के नाम से स्टोर है। शुक्रवार की रात चोर उनके मेडिकल स्टोर में जीने की ममटी का दरवाजा उखाड़ने के बाद दूसरे दरवाजे की चादर को तोड़कर दुकान में घुसे।
मनोज को घटना के बारे में शनिवार की सुबह पता चला। मनोज ने बताया कि उनके पास किसी ग्राहक का फोन आया था। जिसे सामान लेना था। वह ग्राहक को तुरंत ही सामान देने के लिए दुकान पर पहुंचे। दुकान खोलने के बाद उन्हें अंदर की लाइटें खुली हुई दिखाई थी। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी भी चुरा ली। कोतवाल चंद्र चंद्राकर नैथानी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मेडिकल स्टोर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है।