टीबी अस्पताल में छापेमारी करते सीएमओ ।
- फोटो : HARIDWAR
सीएमओ डॉ. कुमार खगेंद्र सिंह ने शनिवार को मेला और टीबी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पता चला कि टीबी अस्पताल में मेडिकल अफसर मार्च से गायब है। मेला अस्पताल में साफ-सफाई ठीक ढंग से नहीं मिलने पर सीएमओ ने कर्मचारियों को फटकार भी लगाई।
शनिवार दोपहर को सीएमओ डॉ. कुमार खगेंद्र सिंह दोपहर में मेला अस्पताल पहुंचे और वहां की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त ना मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल में निर्माणाधीन एमआरआई सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने टीबी अस्पताल का निरीक्षण किया तो वहां मेडिकल अफसर नहीं मिले। वहां के कर्मचारियों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह मार्च से नहीं आ रहे हैं। सीएमओ ने बताया कि मेडिकल अफसर के ड्यूटी पर नहीं आने पर उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। यदि इसके बाद भी वही नहीं आते हैं तो उनकी सेवाएं समाप्त करने के लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी।