ज्वालापुर पुलिस द्वारा मांस बरामद के पकड़े दो आरोपी ।
- फोटो : HARIDWAR
ज्वालापुर पुलिस ने गांव सराय मार्ग पर भारी मात्रा में मांस से भरा एक ऑटो (छोटा हाथी) पकड़ा है। साथ ही दो आरोपियों को भी दबोच लिया है, जबकि दो आरोपी घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस का दावा है कि बरामद मांस गाय का है, जिसे परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार सुबह ज्वालापुर पुलिस को सूचना मिली की गांव सराय मार्ग पर एक होटल में मांस की डिलीवरी दी जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ऑटो पकड़ लिया। पुलिस ने ऑटो में सवार दो युवकों को दबोच लिया, जबकि दो युवक भागने में कामयाब रहे। ऑटो के पिछले हिस्से से छह बड़े पतीलों में मांस बरामद हुआ है। पुलिस टीम हत्थे चढ़े दोनों आरोपियों और मांस को कोतवाली ले आई। पुलिस टीम ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया, जिसने मांस के प्रथम दृष्टया गोमांस होने की बात कही। कोतवाली प्रभारी योगेश देव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के नाम शहराज पुत्र यामीन एवं अफजाल पुत्र इस्माइल निवासीगण मोहल्ला पांवधोई है, जबकि फरार आरोपियों में सलीम पुत्र निन्ना निवासी मोहल्ला कस्साबान एवं फैजान पुत्र यामीन निवासी मोहल्ला पांवधोई शामिल हैं। तीन कुंतल बरामद मांस को सैंपल लेने के बाद दफना दिया गया है। सैंपल को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार बरामद मांस मंगलवार को एक निकाह में आने वाले बरातियों को परोसा जाना था। सराय रोड पर बने एक होटल में निकाह का कार्यक्रम आयोजन किया गया था, लेकिन उससे पहले ही मांस को पुलिस ने बरामद कर लिया।
शिवसेना ने भाजपा पर साधा निशाना
मांस से लदा ऑटो पकड़े जाने पर शिवसेना ने भाजपा पर हमला बोला है। शिवसेना जिला प्रमुख चरणजीत सिंह पाहवा ने कुछ भाजपा नेताओं की शह पर अवैध मांस की दुकानों का संचालन होने का आरोप लगाया है। मंगलवार को मांस पकड़े जाने की सूचना पर जिला प्रमुख चरणजीत सिंह अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने मांग कि की उस घर को सील किया जाए, जहां गाय की हत्या की गई है। आरोप लगाया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी को वह कई दफा अवैध मांस की दुकानों के संबंध में जानकारी दे चुके हं,ै लेकिन वह कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। आरोप जड़ा कि कुछ भाजपा नेताओं को मांस के अवैध धंधे के बारे में बखूबी पता है, उन्हीं से ही जुड़े लोग इस धंधे की कमान संभाल रहे हैं। यही वजह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग कोई कार्रवाई नहीं करना चाहता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कुंभनगरी में आस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही है।