हरिद्वार। गंगा प्रहरी मनोज निषाद को जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड में ‘जल योद्धा’ के रूप में विशेष अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
मनोज निषाद लंबे समय से गंगा संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, जलीय एवं वन्यजीवों के संरक्षण, रेस्क्यू और रिलीज के कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। वे जिला गंगा संरक्षण समिति हरिद्वार की ओर से आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को में भी निरंतर योगदान देते रहे हैं। मनोज निषाद का कहना है कि जिस प्रकार मानव शरीर में किडनी, हृदय और लिवर जैसे अंग शरीर को स्वस्थ रखते हैं, उसी तरह गंगा और अन्य नदियों में पाए जाने वाले कछुए, गंगेय डॉल्फिन और घड़ियाल जैसे जलीय जीव नदियों की स्वच्छता और स्वास्थ्य बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से जैव विविधता संरक्षण और नदियों के संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की है।
मनोज ने बताया कि इस वर्ष देशभर से 100 ‘जल योद्धाओं’ को जल संरक्षण, गंगा कायाकल्प और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गणतंत्र दिवस परेड में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनका चयन इसी श्रेणी में किया गया है।