- यौन उत्पीड़न के आरोपों पर निरंजनी अखाड़े का बड़ा फैसला
- अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने जारी किया निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
हरिद्वार। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने महामंडलेश्वर स्वामी इंद्रदेव महाराज को उनके पद से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उन पर लगे यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों के बाद की गई है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने इस निर्णय की जानकारी दी।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने बताया कि अखाड़े ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद स्वामी इंद्रदेव महाराज अखाड़े के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। स्वामी इंद्रदेव महाराज को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी की ओर से महामंडलेश्वर पद प्रदान किया गया था। हालांकि, पद मिलने के बाद से ही उनका अखाड़े की गतिविधियों से कोई सक्रिय जुड़ाव नहीं रहा। वह अखाड़े के धार्मिक, सामाजिक अथवा अन्य किसी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हुए।
यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद अखाड़े ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। आरोपों की गंभीरता और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें महामंडलेश्वर पद से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया। डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि अब पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी का स्वामी इंद्रदेव महाराज से किसी भी प्रकार का संबंध नहीं है। उन्होंने संत परंपरा और अखाड़ों की मर्यादा एवं प्रतिष्ठा पर जोर दिया।
श्रीमहंत ने कहा कि अखाड़ा अपनी परंपराओं और मर्यादाओं को लेकर गंभीर है। ऐसे किसी भी मामले को लेकर लापरवाही नहीं बरती जा सकती, जिससे संत समाज की छवि प्रभावित हो। अखाड़े ने वर्तमान परिस्थितियों और सामने आए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए ही यह कार्रवाई की है।