हरिद्वार। शंकर आश्रम तिराहे के पास एक्सिस बैंक से निकले एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए गए। रुपये लूटकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। कर्मचारी ने लिफ्ट लेकर लुटेरों का पीछा भी किया लेकिन नाकामयाबी हाथ लगी। पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है।
चंद्राचार्य चौक के पास मन्नापुरम फाइनेंस कंपनी का कार्यालय है। देहरादून के नेशविला रोड निवासी कंपनी कर्मचारी अनूप कुमार पुत्र किशोरी लाल बृहस्पतिवार सुबह कंपनी के खाते से साढ़े तीन लाख की रकम निकालने पहुंचा था। बैंक से पैसा निकालने के बाद जैसे वह बाहर निकला, वहां पहले से ही मौजूद एक युवक ने झपट्टा मारकर रकम से भरा लिफाफा लूट लिया और पास में ही बाइक पर मौजूद अपने साथी के साथ फरार हो गया।
कंपनी कर्मचारी ने एक युवक से लिफ्ट लेकर लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वे भीड़ में ओझल हो गए। एक घंटे बाद सीधे रेल पुलिस चौकी पहुंचकर अनूप कुमार ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह रावत, रेल चौकी प्रभारी दिलमोहन बिष्ट ने लुटेरों की धरपकड़ के लिए चेंकिग अभियान चलाया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़ पाए। नगर पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले की जांच कर रहे है।
-----------
सीसीटीवी कैमरे ने नहीं दिया साथ
हरिद्वार। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कंपनी कर्मचारी साफ नजर आ रहा है पर हैरानी की बात ये है कि बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से साफ तस्वीर नजर नहीं आ रही है।
नहीं देखा किसी ने
हरिद्वार। पुलिस का दावा है कि, घटना का कोई चश्मदीद नहीं है। न ही किसी ने कंपनी कर्मचारी को शोर मचाते हुए देखा था। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है।