पर्यटन मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम की ऐतिहासिक यात्रा की तर्ज पर कांवड़ यात्रा भव्य कराई जाएगी। यात्रा मार्ग पर यात्री सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रेम और सद्भाव का परिचय देते हुए कांवड़ यात्रा को नशा मुक्त रखें और नशे से दूर रहें।
सीसीआर के सभागार में कांवड़ तैयारी समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कांविड़यों से आग्रह किया कि सात फीट से ऊंची कांवड़ न लाएं। यात्रा में डीजे की आवाज 40 से 60 डेसिबल से ज्यादा न करें। पुलिस-प्रशासन की ओर से इनका पालन भी कराया जाएगा।
कांवड़ियों के स्वागत में धर्मनगरी को कुंभ की तरह सजाया जाएगा। बड़े-बड़े होर्डिंग, पोस्टर लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। साफ-सफाई का विशेष प्रबंध किया जाएगा। पेयजल के लिए व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों के बीमार पड़ने पर उपचार की व्यवस्था की जाएगी। मोबाइल एंबुलेंस 24 घंटे एक्टिव रहेगी।