रोशनाबाद स्थित कलक्ट्रेट में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रमु आयोजित किया गया। इसमें कुल 28 फरियादें आईं, जिनमें 10 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकतर समस्याएं छात्रवृत्ति, चकबंदी, चकरोड, बिजली, पानी, जमीन की पैमाइश और पेंशन आदि की रहीं। लोगों की समस्याएं सुनते हुए जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए समर्पित होकर काम करें। निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्वालापुर निवासी मोहतसीम ने विद्युत मीटर चोरी होने की सूचना देने के बाद भी विद्युत विभाग द्वारा चोरी का मुकदमा दर्ज कराने की शिकायत की। ज्वालापुर के गोपाल शर्मा ने मंडी समिति में विकलांग कोटा में कोई दुकान आवंटित नहीं करने, सभी दुकानें सामान्य व्यक्तियों को देने की शिकायकत की। उसने विकलांग कोटा से दुकान देने का आग्रह किया। छात्रा ज्योति ने कला स्नातक के बाद एलएलबी की शिक्षा के लिए आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। रहनुमा ने मकान की छत गिरने पर राहत राशि की मांग की। सोमपाल ने कंपनी से दुर्घटना इंश्योरेंस राशि दिलाने और सतीश कुमार ने दिव्यांग सर्टिफिकेट दिलाने की मांग की। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को जनता मिलन में ही शिकायत का निस्तारण व्यक्तिगत रूचि लेकर करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबधित विभाग के अधिकारी को मौके पर ही जिस पटल से निस्तारण होना है। शिकायतकर्ता को अपने कार्यालय में बुलाकर संतोषजनक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी विभागों के जिलास्तरीय विभागीय अधिकारी रहे।