श्यामपुर। श्यामपुर में नमामि गंगे परियोजना के तहत बना श्मशान घाट पिछले दो वर्षों से लगातार भू-कटाव की चपेट में था। हाल ही में हुई भारी और लगातार बारिश के चलते इस श्मशान घाट का एक बड़ा हिस्सा भू-कटाव की जद में आ गया है। इस संबंध में ग्राम प्रधान व स्थानीय लोगों की ओर से कई बार उत्तराखंड सिंचाई विभाग और उप-जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया था। पत्र के माध्यम से घाट के आसपास पिंचिंग और मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी की ओर से उत्तराखंड सिंचाई विभाग को निर्देशित किया कि घाट के पास हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए अविलंब ठोस कदम उठाए जाएं। आदेश के बाद प्रशासन और विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया। जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन करते हुए उत्तराखंड सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति का जायजा लिया और भू-कटाव को रोकने के लिए श्मशान घाट के आसपास पिंचिंग तटबंध निर्माण कार्य को तुरंत शुरू करवा दिया है। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय ग्रामीणों और ग्राम पंचायत ने राहत की सांस ली है।
उत्तराखंड सिंचाई विभाग के जेई बृजेश तेगवाल ने बताया कि काम को तेजी से पूरा किया जाएगा ताकि आगामी बारिश में घाट को और अधिक नुकसान न पहुंचे।