जुुर्माने की आड़ में अवैध वसूली का सोशल मीडिया में वायरल हुए ऑडियो के मामले में वन दारोगा पर गाज गिर गई है। उन्हें बीटों का प्रभार छीनकर रेंज मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। हालांकि, अभी जांच जारी है।
हरिद्वार वन प्रभाग की हरिद्वार रेंज के क्षेत्र से जुड़े हुए एक वन दारोगा और लकड़ी कटान के ठेकेदार के लेनदेन की ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई थी। ऑडियो में वन दारोगा की ओर से जुर्माने के नाम पर वसूली की मांग की जा रही है। वन दारोगा पेड़ काटने के प्रकरण को रफा-दफा करने की एवज में 20 हजार रुपये देने की बात कह रहे हैं।
लकड़ी ठेकेदार और वन दारोगा के बीच हुई बातचीत की यह ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गई थी। ऑडियो के आधार पर वन दारोगा पर कार्रवाई की मांग को लेकर की गई शिकायत पर डीएफओ धर्म सिंह मीणा ने रेंजर दिनेश प्रसाद नौड़ियाल को जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश जारी किए थे। जिसकी रेंजर जांच कर रहे हैं। जांच होने तक आरोपित वन दारोगा को बहादराबाद और हरिद्वार बीट से हटा दिया गया है। इसके अलावा उनसे अन्य चार्ज भी ले लिए गए हैं। रेंजर दिनेश प्रसाद नौड़ियाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।