फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले में गृह परीक्षाएं 22 से

Thu, 02 Feb 2017 09:47 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हरिद्वार
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
जनपद में कक्षा छह से नौ और 11वीं की सालाना परीक्षाएं 22 फरवरी से आठ मार्च तक होंगी। 15 मार्च तक मूल्यांकन के बाद 31 मार्च को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। परीक्षा का कार्यक्रम और प्रश्नपत्र इस बार भी स्कूल लेवल पर बनेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला परीक्षा समिति की बैठक में परीक्षा कार्यक्रम तय कर दिया गया।    
   
प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. पुष्पा रानी वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय हुआ कि गृह परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू कर दी जाएंगी। पहली पारी सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 और दूसरी पारी दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगी। कक्षा छह से आठवीं तक का प्रश्नपत्र ढाई घंटे व नवीं और 11वीं का पेपर तीन घंटे का होगा। इस बार विधानसभा चुनाव के चलते 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 मार्च से शुरू होनी हैं। लिहाजा गृह परीक्षाएं आठ मार्च तक संपन्न कराते हुए सप्ताह भर में मूल्यांकन कार्य पूरा कर 15 मार्च तक परीक्षाफल प्रधानाध्यापकों को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद 31 मार्च को रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा समिति की बैठक में प्रभारी सीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा, प्रभारी डीईओ बेसिक दिनेश चंद्र डिमरी, बीईओ रुड़की श्रीकांत पुरोहित, बीईओ खानपुर दीप्ति यादव, राजकीय शिक्षक संघ के जिला मंत्री रविंद्र रोड, उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राजेश सैनी, राजकीय शिक्षक जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सक्सेना व राजेंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।      
विज्ञापन

-   
बाजार से प्रश्नपत्र लिया तो खैर नहीं      
परीक्षा समिति की बैठक में इस बात पर फोकस किया गया है कि प्रश्न पत्र बनाने का काम स्कूल लेवल पर विषय अध्यापकों से कराया जाएगा। बाजार से प्रश्नपत्र खरीदने पर गोपनीयता और पारदर्शिता पर खतरा रहता है। इसलिए बाहर से पेपर लेने के बजाय स्कूल में बनवाने की सख्त हिदायत दी गई है। परीक्षा के दौरान औचक निरीक्षण करने वाले अधिकारी खासकर इसकी जांच करेंगे। लापरवाही पाए जाने पर प्रधानाध्यापक जिम्मेदार होंगे।      
 
परीक्षार्थियों को आधार कार्ड से मिलेगा रिजल्ट      
अब पेंशन सहित तमाम सरकारी योजनाओं का लाभ ही नहीं परीक्षा का रिजल्ट भी आधार कार्ड के बिना नहीं मिल पाएगा। परीक्षा समिति की बैठक में तय किया गया है कि गृह परीक्षाओं का रिजल्ट 31 मार्च को उसी परीक्षार्थी को दिया जाएगा, जिसके पास आधार कार्ड होगा। साथ ही कक्षा नौ की छात्राओं का बैंक में खाता होना भी जरूरी है। जिससे छात्राओं को साइकिल योजना का लाभ दिया जा सके। वहीं आधार कार्ड अनिवार्य करने के पीछे विभाग की मंशा पारदर्शिता लाने की है। प्रभारी सीईओ डा. पुष्पा रानी वर्मा ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों का रिजल्ट उनके आधार नंबर फीडिंग के साथ ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। जिससे परीक्षार्थी यदि दो जगह परीक्षा देता है या कोई और फर्जीवाड़ा करता है तो आसानी से पकड़ में आ सकेगा। इसके लिए परीक्षार्थियों को पहले से ही आधार बनवाने और कक्षा नौ की छात्राओं को बैंक खाता भी खुलवाने के लिए कहा जा रहा है।   
विज्ञापन

  
गृह परीक्षाएं 22 फरवरी से आठ मार्च तक संपन्न होंगी। मूल्यांकन के बाद 15 मार्च तक परीक्षाफल तैयार करते हुए 31 मार्च को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। प्रश्न पत्र विषय अध्यापक बनाएंगे, बाहर से बनवाने पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डा. पुष्पा रानी वर्मा, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी हरिद्वार   
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें