हरिद्वार। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के बीच विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इस बीच हरिद्वार पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि जिले का कोई व्यक्ति ईरान या किसी खाड़ी देश में फंसा हुआ है तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी सामने आ रही है कि संघर्ष प्रभावित क्षेत्रों में कई भारतीय नागरिक फंसे हो सकते हैं। ऐसे में राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर समन्वय बनाकर भारतीयों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि हरिद्वार जिले के किसी व्यक्ति का परिजन ईरान या किसी खाड़ी देश में मौजूद है और किसी कारणवश वहां फंसा हुआ है, तो उसकी जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई जाए।
एसएसपी ने बताया कि सूचना देने के लिए मोबाइल नंबर 9690226822 और 7895905080 जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर संपर्क कर परिजन नाम, पता और संबंधित देश में फंसे व्यक्ति की जानकारी साझा कर सकते हैं, जिससे समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों से बचें।