हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की उत्तराखंड में लगने वाली पाठशाला के लिए हरिद्वार में मैदान तलाशा जा रहा है। राहुल गांधी मार्च के अंतिम सप्ताह में प्रदेशभर के बूथ कमेटियों के प्रभारियों को संगठन की मजबूती का पाठ पढ़ाने के लिए हरिद्वार आएंगे। कई मैदानों को देखा जा चुका है लेकिन अभी तक पार्टी के नेताओं ने किसी भी मैदान को हरी झंडी नहीं दी है।
प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस की ओर से अभी से ही तैयारी की जा रही है। इसके अंतर्गत कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल गांधी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। मार्च के अंतिम सप्ताह में राहुल गांधी यहां प्रदेशभर के करीब साढ़े दस हजार बूथ प्रभारियों को संगठन की मजबूती के टिप्स देंगे। पिछले दिनों कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय संगठक महेंद्र जोशी ने भी साथियों के साथ हरिद्वार आकर देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, भल्ला कालेज, गुरुकुल कांगड़ी विवि, पंतद्वीप, गुरुकुल महाविद्यालय तथा एनडी तिवारी यूथ हॉस्टल के मैदानों को देखा। महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज ने बताया कि अभी स्थान फाइनल नहीं हो पाया है। अलबत्ता राहुल गांधी का हरिद्वार आगमन तय है।