बहादराबाद। हरिद्वार-रुड़की हाईवे स्थित बहादराबाद टोल प्लाजा पर रोडवेज बस यात्री का हाथ लोहे के पिलर से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घायल अवस्था में बाहर खड़े यात्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस बहादराबाद टोल प्लाजा से गुजर रही थी। तभी खिड़की से एक यात्री का हाथ बाहर निकला था। यात्री का हाथ लोहे के पिलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्री की कोहनी की हड्डी टूट गई। घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। टोल कर्मियों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल यात्री को एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि घायल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई। शिकायत आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।