हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में स्मैक की तस्करी कर रहे पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 6.37 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल बरामद हुआ है। आरोपी स्मैक रायवाला से लाता था और बैरागी कैंप क्षेत्र में युवाओं को बेचता था। कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर शाम पुलिस गश्त कर रही थी। घोड़ा पुलिस लाइन के सामने हेलिपैड के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह जेब से कागज की पुड़िया निकालकर फेंकने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। थानाध्यक्ष मनोहर सिंह रावत ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम सूरज निवासी सर्वानंद घाट, कबाड़ी बस्ती लालजीवाला कोतवाली नगर बताया।
आरोपी ने कबूला कि वह यह स्मैक सोनू पाल निवासी रायवाला से 1500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदकर लाता है और बैरागी कैंप में घूमने वाले युवकों को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर बेचता है। एनडीपीएस किट से रासायनिक परीक्षण किया गया, जिसमें बरामद पदार्थ ब्राउन हेरोइन (स्मैक) पाया गया। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।