शांभवी धाम के परमाध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप ने प्रदेश सरकार से हिमालय को हिंदू तीर्थ स्थल घोषित कर गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो विधानसभा चुनाव में भाजपा का विरोध किया जाएगा। उन्होंने चारधाम यात्रा भी जल्द से जल्द शुरू करने की मांग की।
भूपतवाला जीडीपुरम स्थित शांभवी धाम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि हिमालय हिंदुओं की साधना स्थली और देश की आध्यात्मिक राजधानी है। हिमालय में गैर हिंदुओं की गतिविधियां बढ़ना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि संत समाज को भी एकजुट होकर इस संबंध में आवाज उठानी चाहिए। देवभूमि में धर्मांतरण पर भी पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि हिमालय को तीर्थ घोषित करने के लिए वे लंबे समय से आवाज उठाते रहे हैं। हाल ही में संपन्न हुए कुंभ मेले में उन्होंने इस मांग को उठाया था। सरकार को जल्द से जल्द हिन्दु जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए।