एसएमजेएन पीजी कॉलेज में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को सम्मानित करते अखिल भा?
- फोटो : HARIDWAR
एसएमजेएन पीजी कॉलेज में ‘सिंगल यूज प्लास्टिक उन्मूलन’ शीर्षक पर रंगोली प्रतियोगिता कराई गई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद व कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी व प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने की शपथ दिलाई।
रंगोली प्रतियोगिता में गौरव बंसल और नेहा चौहान की टीम ने प्रथम स्थान स्थान हासिल किया। श्रेष्ठा पटेल, प्रीति तिवारी, अभिलाषा शर्मा की टीम ने संयुक्त रूप से दूसरा और आमिर खान, गरिमा शर्मा व प्रिया तोमर की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि रंगोली भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा और लोक कला है। अलग-अलग प्रदेशों में रंगोली के नाम और उसकी शैली में भिन्नता हो सकती है, परंतु इसके पीछे निहित भावना और संस्कृति में पर्याप्त समानता है। इसकी यही विशेषता इसे विविधिता देती है और इसके विभिन्न आयामों को भी प्रदर्शित करती है।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डा. संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि रंगोली धार्मिक, सांस्कृतिक आस्थाओं का प्रतीक रही है। इस मौके पर मुख्य अनुशासन अधिकारी डा. सरस्वती पाठक, विशाल बंसल, गौरव बंसल, विधि गौतम आदि मौजूद रहे।