मेडिकल कॉलेज की साइट का निरीक्षण करते एसडीएम ।
- फोटो : HARIDWAR
जगजीतपुर स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन के काम में बीचोंबीच से गुजर रहे गैस पाइप लाइन बाधा बन रही है। साइट का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम पूरण सिंह राणा को यह जानकारी कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने दी। एसडीएम ने कहा कि लाइन को किनारे शिफ्ट करने के लिए गेल के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
जगजीतपुर में पांच सौ बेड का मेडिकल कॉलेज बनाया जाना है। जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को एसडीएम पूरण सिंह राणा ने मेडिकल कॉलेज के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में कार्यदायी संस्था के पदाधिकारियों से जानकारी हासिल की। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कुछ कार्यों के लिए मिट्टी की आवश्यकता है। जिस पर एसडीएम ने कहा कि वह स्थल के परिसर से मिट्टी का उठान कर निर्माण कार्य में प्रयोग कर सकते हैं। कहा कि वह निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करें। यदि निर्माण कार्य में लापरवाही की गई तो कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि यदि निर्माण कार्य में अन्य कोई समस्या हो तो समय पर बताएं ताकि उसका निस्तारण कराया जा सके।