गणेश चतुर्थी पर पूजन के बाद गंगा घाट पर मूर्तियों का विसर्जन शुरू हो गया है। रविवार को उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत आसपास इलाकों से सैकड़ों लोग भगवान गणेश की मूर्तियों को लेकर घाट पर पहुंचे। विसर्जन से पहले उन्होंने विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना और आरती की। मूर्तियों का विसर्जन किया तो गणपति बप्पा मोरया..अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे गूंज उठे।
गंगाघाटों पर गणेश मूर्तियों के साथ भक्तों के पहुंचने का सिलसिला रविवार को दोपहर बाद शुरू हो गया था। महंत और पुरोहितों के साथ पहुंचे गणेश भक्तों ने गणपति बप्पा को विदाई देने से पहले घाट पर ही पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने मंगलगीत गाए। कई मोहल्लों में अलग-अलग टोलियों ने विसर्जन से पहले रास्ते में अबीर और गुलाल भी उड़ाया। रंगों से सराबोर भक्तों ने घाट पर पूजन के बाद प्रसाद भी वितरित किया।
श्रीगणपति परिवार कनखल की ओर से दक्ष मंदिर में चल रहे दस दिवसीय गणपति महोत्सव का रविवार को बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकालकर समापन किया गया। इससे पूर्व भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी, गुड्डू टंडन, मनीष शर्मा, शांतनु शर्मा, सोनित चौहान, प्रशांत कौशिक, श्रीकांत, वरुण वशिष्ठ, तरूण वशिष्ठ, शुभम भारद्वाज, शिवम कौशिक, मृदुल कौशिक मौजूद रहे।
श्रीगणपति महोत्सव कमेटी संजय नगर टिबड़ी से जुड़े युवकों ने भी गणपति महोत्सव का धूमधाम के साथ समापन किया। समापन से पूर्व गणपति को रथ में सवार कर शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान विपिन कुमार, आकाश कुमार, हनी जगारिया, श्याम कश्यप, सागर कुमार, अजुर्न कश्यप, संदीप कुमार, सन्नी कुमार, कन्हैया पुजारी, आकाश कश्यप, लैमन, मोहित बसंल, शुभम, कुलदीप मंगल कुमार मौजूद रहे।