- धर्मनगरी में भगवान गणपति की मूर्ति का विसर्जन शुरू हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। धर्मनगरी में विभिन्न जगहों पर पंडालों में स्थापित भगवान गणपति की मूर्तियों को ढोल-नगाड़ों के साथ गंगा में विसर्जन करने का सिलसिला शुरू हो गया। देर शाम से रात तक गंगा घाटों पर गणपति बप्पा मोरया अगले बरस तू जल्दी आ की गूंज के साथ ही मूर्तियों को विसर्जित किया जा रहा है। शोभायात्रा निकालकर रंग गुलाल से खेल थिरकते हुए भक्त गंगा घाटों पर पहुंच रहे हैं।
गणेश चतुर्थी पर शहर से लेकर देहात तक जगह-जगह घरों और पंडालों में भगवान गणपति की मूर्तियां स्थापित की गई थी। रोजाना आरती और पूजा-अर्चना चल रही है। जिसके बाद अब मूर्ति विसर्जन का दौर शुरू हो गया है।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित निर्मल सराय मायापुर स्थित रामलीला ग्राउंड में निर्मल गणपति संघ के 14वें गणपति महोत्सव में स्थापित भगवान गणेश की धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद बैरागी कैंप स्थित घाट पर मूर्ति को विसर्जित किया गया। इस दौरान सुभाष चंद, राजू मनोचा, जोनी अरोड़ा, अनिल अरोड़ा, सुनील मनोचा, नीरज जैन, सोहन सिंह, नरेश शर्मा, रमेश जोशी, मोनू गर्ग, राजू खत्री, संजय तनेजा, अमित गर्ग, सुरेंद्र तनेजा, अरविन्द अग्रवाल, मनीष शर्मा आदि मौजूद रहे।