जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने विभागों के प्रमुखों से केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के संचालन और प्रगति की जानकारी ली। कहा कि आगामी सोमवार से प्रत्येक विभाग को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। प्रत्येक दिन पांच विभागों की समीक्षा की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि कि आने वाला समय सभी के लिए चुनौतीपूर्ण है। कोविड की तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। जिससे निपटने के लिए तैयारी जरूरी है। निकट भविष्य में चुनाव भी हैं। पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। कहीं से भी शिकायत की पुष्टि हुई तो उसके खिलाफ जीरो टालरेंस के तहत सख्त से कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर आयुक्त जय भारत सिंह ने कहा कि मानव संसाधनों की कमी है। शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने में समस्या आ रही है। रुड़की नगर निगम की आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटवाने के लिए पीआरडी और होमगार्ड की सेवाएं ली जाएं। मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. आनंद भारद्वाज ने स्कूलों में कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए शिक्षण कार्य की जानकारी दी। डीएफओ नीरज कुमार ने कहा कि उत्पाती बंदर बड़ी समस्या हैं। बंदरों को पकड़ने के लिए टीमें बढ़ाई जाने की आवश्यकता है।
----------------------
शराब-स्मैक पर लगाएं रोक
हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने कोविड प्रोटोकाल के पालन, बहादराबाद एरिया में वेस्ट मैनेजमेंट की समस्या, हरिद्वार में शराब एवं ड्रग की बिक्री पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि एसओपी का कड़ाई से पालन कराया जाए। स्मैक, शराब और गांजे की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाए।
---------------------
इन अफसरों की रही मौजूदगी
हरिद्वार। सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बीके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, ओसी कलक्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, जिला विकास अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान, अर्थ एवं संख्या अधिकारी पूरण सिंह तोमर, सहायक अर्थ एवं संख्या अधिकारी लक्ष्मीचंद, जिला पंचायतराज अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी, डीएसओ केके अग्रवाल, सहायक निदेशक मत्स्य अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम मोहम्मद मीसम, जिला कार्यक्रम अधिकारी देव सिंह, जिला खनन अधिकारी रवि नेगी आदि मौजूद रहे।