भीमगोड़ा के पास लगी आग को बुझाते हुए ।
- फोटो : HARIDWAR
फायर सीजन में राजाजी टाइगर रिजर्व के जंगलों में एक सप्ताह तक लगी आग को बुझाने के बाद सोमवार को दोबारा आग लग गई। राजाजी की वन टीम ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
पिछले दिनों आग से धधक रहे राजाजी के जंगलों को शांत करने के लिए एसडीआरएफ को भी लगाना पड़ा था। तब जाकर आग को 26 अप्रैल की अलसुबह शांत किया जा सका था लेकिन बुधवार की शाम को अगले ही दिन फिर से हिलबाईपास मार्ग पर रोडवेज वर्कशॉप के सामने के सड़क किनारे के जंगल में आग लग गई थी। इसे भी राजाजी की टीम ने सूचना मिलने पर करीब एक घंटे की मेहनत के बाद बुझा दिया था। अब फिर से राजाजी की खड़खडी बीट क्षेत्र में भीमगोड़ा के पास आग लगने से अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही राजाजी की टीम मौके की तरफ दौड़ पड़ी। करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद आग को शांत कर दिया गया। राजाजी टाइगर रिजर्व के हरिद्वार रेंजर विजय सैनी ने बताया कि टीम के तुरंत ही मौके पर पहुंच जाने से आग ज्यादा नहीं फैल सकी थी। रेंज के समस्त स्टाफ को फायर सीजन में आग की घटना की जानकारी मिलते ही तत्परता के साथ शांत करने के निर्देश दिए गए हैं।