हरिद्वार/पथरी। लक्सर रोड स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में रविवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलते ही बहादराबाद फायर यूनिट मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। आग लगने का कारण साफ नहीं हो पाया।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5:55 बजे फूड पार्क के पैकेजिंग एरिया की दूसरी मंजिल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर यूनिट बहादराबाद तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर दमकल कर्मियों ने दूसरी मंजिल तक होज पाइप पहुंचाकर मोटर फायर इंजन के जरिए पंपिंग शुरू की और आग बुझाना शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। अग्निकांड में संभावित नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।