ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का मामला, जौलीग्रांट में भर्ती घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में युवक को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे में गंभीर रूप से घायल का युवक का जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जयपाल सिंह चौहान निवासी राजनगर कॉलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र जितेंद्र कुमार मेडिकल व्यवसाय करता है। 14 अगस्त की रात करीब नौ से 10 बजे के बीच वह स्कूटी से रानीपुर मोड़ की ओर से घर लौट रहा था। इसी दौरान यूथ हॉस्टल के गेट के सामने-सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ऑटो रिक्शा ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितेंद्र सड़क पर गिरकर अचेत हो गया और उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हादसे के बाद ऑटो चालक घायल युवक को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है।