श्यामपुर। थाना क्षेत्र में कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस की टक्कर लगने से हुई मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बस को पहले ही कब्जे में लेकर सीज किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, शहादत निवासी मोहल्ला ठाकुरान बढ़ापुर बिजनौर ने तहरीर में बताया कि 29 जून की सुबह करीब 4:30 बजे उसका छोटा भाई शराफत, भाभी शबाना, भतीजा अयान, दोस्त फहीम, पड़ोसी विशाल और वंश पिकअप वाहन में चंडीगढ़ से अपने घर बढ़ापुर लौट रहे थे। कांगड़ी फ्लाईओवर पर सामने से आ रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ओवरटेक किया और पिकअप को टक्कर मार दी।
हादसे में सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में शबाना, अयान और फहीम ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल शराफत को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जबकि विशाल और वंश के सिर में चोटें आईं। क्षेत्राधिकारी अवनी तिवारी ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चालक की तलाश की जा रही है।