बंद मकान का ताला तोड़कर एक युवक ने स्कूटी चोरी का प्रयास किया। शोर होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रुड़की कोतवाली को गोल भट्ठा ढंडेरा निवासी राकेश ने तहरीर देकर बताया कि रविवार को पुत्र अश्वनी अपनी पत्नी को लेने ससुराल देहरादून गया हुआ था। इस बीच वहां पर एक युवक दरवाजे के ताले तोड़कर घर के अंदर घुस गया और पुत्र की स्कूटी चुराने लगा। चोरी की घटना देखने के बाद उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को मौके पर बुला लिया।इसके बाद लोगों की मदद से तस्लीम निवासी मोहल्ला मलकपुरा कोतवाली मंगलौर को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को अपने साथ ले गई। अधिकारियों ने बताया कि स्कूटी चोरी के प्रयास में आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया गया है।